clear
clear
clear
clear
x

फ़िरोज़ाबाद लोकसभा सीट पर उपचुनाव

  शनिवार, नवंबर 7, 2009,8:05[IST]
Courtesy: BBCHindi.com
Mulayam
उत्तर प्रदेश की फ़िरोज़ाबाद लोकसभा सीट और सात राज्यों की 31 विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार को मत डाले जा रहे हैं.

जिन विधानसभा सीटों के लिए मत डाले जा रहे हैं उनमें से 11 उत्तर प्रदेश में, 10 पश्चिम बंगाल में, तीन केरल में, दो-दो हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में और एक सीट छत्तीसगढ़ में है.विधानसभा की ज़्यादातर सीटें विधायकों के सांसद चुने जाने की वजह से रिक्त हुई हैं.

मतगणना 10 नवंबर को होगी.

उत्तर प्रदेश की फ़िरोज़ाबाद की सीट प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी, राज्य में सत्तारूढ़ बहुजन समाज पार्टी और केंद्र में शासन का नेतृत्व कर रही कांग्रेस तीनों के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गई है.

इस सीट पर पहले मुलायम सिंह के बेटे अखिलेश यादव विजयी हुए थे लेकिन वे कन्नौज से भी जीते थे और उन्होंने फ़िरोज़ाबाद सीट से इस्तीफ़ा दे दिया था. लेकिन इस बार मुलायम सिंह यादव ने अखिलेश यादव की पत्नी और अपनी बहू डिंपल यादव को चुनाव मैदान में उतारा है.

डिंपल यादव इस चुनाव के साथ अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कर रही हैं और इसे मुलायम सिंह यादव के परिवार की राजनीतिक प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा जा रहा है. कांग्रेस ने डिंपल यादव के ख़िलाफ़ पहले समाजवादी पार्टी के सांसद रहे, अभिनेता राज बब्बर को अपना उम्मीदवार बनाया है. जिस तरह से वहाँ कांग्रेस के नेताओं ने प्रचार किया है, उससे ज़ाहिर है कि कांग्रेस भी इस सीट पर पूरा दम लगा रही है.

बहुजन समाज पार्टी की नेता मायावती ने इस सीट पर एसपी सिंह बघेल को मैदान में उतारा है. माना जा रहा है कि उनके लिए इस सीट के नतीजा यह संकेत देने वाला है कि राज्य की राजनीति में मुलायम सिंह की तुलना में उनकी पकड़ कैसी है. उधर भाजपा के भानुप्रताप सिंह चौहान भी मैदान में हैं.







BBC
User Comments
[ कमेंट लिखें ]


इस लेख पर दीजिए अपना कमेंट


  अन्‍य खबरें
  बाइस्कोप