clear
clear
clear
clear
x
हिन्दी » समाचार » खेल » विस्तार

ऑस्‍ट्रेलिया की रोमांचक जीत, 3-2 से आगे

  शुक्रवार, नवंबर 6, 2009,12:52[IST]
Read  In English
Vote this article
Up  
Down  


हैदराबाद। राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए पांचवें एकदिवसीय मुकाबले में आखिरी ओवर तक हुए रोमांचक संघर्ष में आस्ट्रेलिया ने भारत को तीन रनों से पराजित कर दिया। इसके साथ ही आस्ट्रेलिया ने श्रृंखला में 3-2 की बढ़त हासिल कर ली है। सचिन तेंदुलकर को 141 गेंदों में 19 चौके और चार छक्के की मदद से 175 रन बनाने के लिए मैन आफ द मैच चुना गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान टीम ने सलामी बल्लेबाज शॉन मार्श (112) के करियर के पहले शतक और अनुभवी शेन वॉटसन (93) के बीच पहले विकेट के लिए हुए 145 रनों की बहुमूल्य साझेदारी की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 350 रन बनाए।

जीत नहीं दिला सके सचिन

इस चुनौतीपूर्ण लक्ष्य के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 49.4 ओवर में 347 रन बनाकर आउट हो गई। भारत की इस पारी में हालांकि सचिन तेंदुलकर का योगदान (141 गेंदों में 19 चौके और चार छक्के की मदद से 175 रन) महत्वपूर्ण रहा लेकिन भारतीय टीम इसे जीत में नहीं बदल सकी।

भारतीय टीम ने अपना पहला विकेट वीरेंद्र सहवाग के रूप में गंवाया। इस श्रंखला में अब तक एक भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे सहवाग 30 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 38 रन बनाने के बाद बेन हिफेनहास की एक बाहर जाती गेंद को गलत तरीके से खेलने के प्रयास में डीप फाइन लेग पर डगलस बोलिंगर के हाथों लपके गए। भारत का यह विकेट 66 रन के कुल योग पर गिरा था।

सस्‍ते में निपटे गंभीर

दूसरा विकेट 92 रनों के कुल योग पर चोट के कारण एक मैच के अंतराल के बाद वापसी करने वाले गौतम गंभीर के रूप में गिरा। गंभीर आठ रन बनाकर आउट हुए। गंभीर को अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल रहे क्लिंटन मैके ने बेन हिफेनहास के हाथों कैच कराया। युवराज सिंह तीसरे विकेट के रूप में नौ रन बनाकर पेवेलियन लौटे।

रवींद्र जडेजा फिर असफल

इसके बाद सारी उम्मीद रवींद्र जडेजा पर टिकी थी लेकिन वह 17 गेंदों में 23 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद आशीष नेहरा केवल एक रन बनाकर चलते बने। प्रवीण कुमार 9 बनाकर आखिरी ओवर में रन आउट हो गए। मुनाफ पटेल दो रन बनाकर नाबाद रहे। आस्ट्रेलिया की ओर से मैके और वाटसन ने तीन-तीन विकेट झटके जबकि हिल्फेनहास और बोलिंगर को एक-एक विकेट मिला।

शॉन मार्श की शानदार पारी

इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान टीम ने सलामी बल्लेबाज शॉन मार्श (112) के करियर के पहले शतक और अनुभवी शेन वॉटसन (93) के बीच पहले विकेट के लिए हुए 145 रनों की बहुमूल्य साझेदारी की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 350 रन बनाए।

मेहमान टीम की ओर से कप्तान रिकी पोंटिंग ने 45 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 45 रनों का योगदान दिया। पोंटिंग ने मार्श के साथ दूसरे विकेट के लिए 96 रन जोड़े। मध्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आ रहे कैमरून व्हाइट ने 32 गेंदों पर दो चौकों और पांच छक्कों की मदद से 57 रनों की तूफानी पारी खेली।

भारत की ओर प्रवीण ने दो विकेट लिए जबकि आशीष नेहरा और हरभजन सिंह के खाते में एक-एक विकेट आए। नेहरा हालांकि काफी महंगे साबित हुए। ईशांत शर्मा के स्थान पर टीम में शामिल किए गए मुनाफ पटेल और रवींद्र जडेजा ने गेंद के साथ निराश किया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।



User Comments
[ कमेंट लिखें ]


इस लेख पर दीजिए अपना कमेंट


  अन्‍य खबरें
  बाइस्कोप