मियामी। विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी अमेरिका की सेरेना विलियम्स को सोनी एरिक्सन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में बड़ा झटका तब मिला जब बेलारूस की विक्टोरिया एजारेंका ने उन्हें हराकर मियामी मास्टर्स के खिताब पर कब्जा कर लिया। यह एजारेंका का इस साल का अपना तीसरा खिताब है।
सेरेना का विजय अभियान रुका एजारेंका ने लगातार तीसरा खिताब जीतने के लिए प्रयासरत सेरेना का विजय अभियान मियामी के फाइनल में रोक दिया। एजारेंका ने सेरेना को 6-3, 6-1 से बड़ी शिकस्त दी। हार के बावजूद भी सेरेना 71वें सप्ताह में भी सर्वोच्च वरीयता की कुर्सी बरकरार हैं।
करियर का तीसरा खिताब एजारेंका अबतक तीन खिताब जीत चुकी हैं, जबकि यह उनका पहला मेजर खिताब है। तीनों खिताब 2009 में ही जीते हैं। इस जीत के साथ एजारेंका सोमवार को जारी होने वाली महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) की ताजातरीन रैंकिंग में आठवें क्रम पर पहुंच जाएंगी।
एजारेंका इस खिताब को हासिल करने वाली छठी सबसे युवा खिलाड़ी हैं। इससे पहले स्टेफी ग्राफ, मोनिका सेलेस, गैब्रिएला सबातिनी, मार्टिना हिंगिस और वीनस विलियम्स इतनी कम उम्र में यह जीत हासिल कर चुकी हैं।