लखनऊ, 3 अप्रैलः भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह टिकैत के जमानत पर रिहा होते ही हत्या के एक पुराने मामले में वारंट जारी कर उन्हें पुन: गिरफ्तार करने संबंधी अटकलों को उत्तर प्रदेश पुलिस ने खारिज कर दिया है।
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक विक्रम सिंह ने कहा कि टिकैत के खिलाफ फिलहाल किसी अन्य मामले में वारंट जारी नही किया गया है। बिजनौर की सत्र अदालत द्वारा टिकैत को मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में आज जमानत दिए जाने के बाद इस तरह की खबरें आई थी कि हत्या के एक पुराने मामले में किसान नेता के खिलाफ वारंट जारी कर पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि टिकैत ने मुख्यमंत्री को अपनी बेटी समान बताते हुए माफी मांग ली है लिहाजा अब आगे इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टिकैत के खिलाफ किसी अन्य मामले में वारंट जारी न किए जाने के महानिदेशक के ताजा बयान के बाद टिकैत और पुलिस के बीच जोर आजमाईश के एक और दौर की संभावनाओं पर फिलहाल विराम लग गया है।
उधर, टिकैत और उनके समर्थकों को उनकी पुन: गिरफ्तारी की आशंका है और फिलहाल किसान नेता बिजनौर सत्र न्यायालय परिसर छोड़ने को तैयार नहीं हैं।