भुवनेश्वर, 30 मार्चः उड़ीसा विधानसभा अध्यक्ष महेश्वर मोहंती सेक्स स्कैंडल में फंस गए हैं. उनके खिलाफ विधानसभा की एक महिला कर्मचारी द्वारा आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है. महिला कर्मचारी यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए जाने के बाद राज्य पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है.
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार शनिवार रात विशेष महिला पुलिस थाने में मोहंती के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. गौरतलब है कि बुधवार को विधानसभा की 29 वर्षीया महिला मार्शल गायत्री पांडा ने मोहंती पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था. पुलिस ने गायत्री की लिखित शिकायत पर विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ मामला दर्ज किया.
गायत्री के अनुसार उन्होंने 21 फरवरी को विधानसभा सचिव को मोहंती के खिलाफ शिकायत पत्र दर्ज की थी लेकिन मोहंती के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई. गायत्री ने कहा कि मैं विधानसभा में 2001 से काम कर रही हूं लेकिन आज तक मेरे सामने ऐसी स्थिति नहीं आई थी. उन्होंने कहा कि मोहंती ने मेरा यौन शोषण करने की कोशिश की लेकिन जब मैंने उनकी बात मानने से इंकार कर दिया तो उन्होंने मेरे विरूद्ध कार्रवाई शुरू कर दी. गौरतलब है कि गायत्री को हाल ही में काम के प्रति लापरवाही बरतने के कारण निलंबित किया गया था.
राज्य पुलिस ने गायत्री के हस्ताक्षर को भी फोरेंसिक जांच के लिए भेज चुकी है. कई महिला संगठनों ने भी भुवनेश्वर में मोहंती के खिलाफ प्रदर्शन किया. राज्य के विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे पर शुक्रवार को राज्यपाल मुरलीधर चद्रकांत भंडारे को एक ज्ञापन सौंपा था. विपक्षी दलों ने विधानसभा अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग की है और मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की है.