शुद्ध पेयजल के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए पैसा जुटाने की खातिर हॉलीवुड अभिनेत्री जेसिका बेल अपने मित्र जस्टिन टिम्बरलेक के साथ तंजानिया के किलिमंजारो पर्वत पर चढ़ेंगी।
वेबसाइट 'आईएमडीबी डॉट कॉम' के मुताबिक वैश्विक जल संकट के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए धन इकट्ठा करने की दृष्टि से इथियोपियाई गायक केन्ना ने अफ्रीका की इस 5,895 मीटर ऊंची चोटी तक पहुंचने के लिए नामी हस्तियों का एक समूह बनाया है। अभिनेत्री भी इस समूह में शामिल हो गई हैं।
जेसिका का कहना है कि वह पर्वतारोहण के लिए तभी तैयार हुईं जब उन्होंने सुना कि विश्व में 10 लाख से भी ज्यादा लोगों को शुद्ध पेयजल नहीं मिल पाता।
अभिनेत्री ने कहा, "यह एक आधारभूत मानवीय आवश्यकता है। मैं न केवल अफ्रीका बल्कि पूरे विश्व में स्वच्छ पेयजल की कमी के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद करना चाहती हूं।"